आर्य समाज में कब्जे की कथित कोशिश से बवाल, वैवाहिक समारोह में घुसकर मारपीट; कई घायल, मुकदमा दर्ज

By Liberal Media

Published On:

Date:

शाहजहांपुर। तिलहर स्थित आर्य समाज परिसर में रविवार सुबह कथित कब्जे की कोशिश को लेकर जमकर बवाल हो गया। आरोप है कि दो दर्जन से अधिक लोगों ने संस्था के मंत्री लोकेश आर्य पर जानलेवा हमला कर दिया। जान बचाने के लिए उनके विवाह समारोह वाले परिसर में पहुंचने पर हमलावरों ने बारातियों और घरातियों के साथ भी मारपीट की। इस दौरान लाठी-डंडे चले, पथराव हुआ और परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से गंभीर घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

आर्य समाज के मंत्री लोकेश आर्य की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद और करीब दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संस्था से पूर्व में निष्कासित किए गए कुछ लोग अपने समर्थकों के साथ परिसर में घुस आए और हमला कर दिया। मारपीट के दौरान महिलाओं से अभद्रता तथा आभूषण गायब होने के भी आरोप लगाए गए हैं।

कोतवाल प्रिंस शर्मा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights