लखनऊ। राजधानी के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित दयाल रेजिडेंसी कॉलोनी में रविवार सुबह हिमालय कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग लग गई। सुबह करीब 6 बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के करीब तीन घंटे बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। एहतियात के तौर पर आसपास के मकानों को खाली करा लिया गया है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास में जुट गईं। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर मौजूद हैं तथा राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी अभी नहीं हो पाया है।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं और आधिकारिक पुष्टि के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी।








