शाहजहांपुर। शांतिकुंज हरिद्वार से युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति का दिव्य संदेश लेकर निकली ज्योति कलश रथयात्रा बुधवार को कांट क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में पहुंची, जहां गांव-गांव में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। जहां-जहां रथयात्रा पहुंची, वहां ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा, आरती, दीप प्रज्ज्वलन और जयघोष के साथ अखंड ज्योति का भव्य स्वागत किया। इस दौरान गायत्री परिवार के ‘वृक्ष गंगा अभियान’ के अंतर्गत ग्रामीणों को ‘पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ’ का संकल्प भी दिलाया गया तथा पर्यावरण संरक्षण को युग निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया गया। पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना, विचार जागरण, पर्यावरण संरक्षण और युग निर्माण का वातावरण दिखाई दिया।
अज्ञान, अंधविश्वास, कुरीतियों और नकारात्मक सोच के अंधकार को दूर कर ज्ञान, संस्कार, सद्विचार और आत्मजागरण का प्रकाश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही इस रथयात्रा का प्रत्येक गांव में आत्मीय स्वागत हुआ। रथयात्रा प्रातः इमलिया से पूजन एवं आरती के उपरांत दियूरिया झाला, बरनावा, नानकपुर, कपूरपुर और बहलोलपुर पहुंची। सभी गांवों में श्रद्धालु ज्योति कलश के समक्ष नतमस्तक हुए तथा अखंड ज्योति का आशीर्वाद प्राप्त किया। समस्त ग्रामवासियों में रथयात्रा को लेकर गजब का उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली।
ग्राम बहलोलपुर में वरिष्ठ गायत्री परिजन प्रतिपाल यादव एवं रामरतन ने परिवार के सदस्यों एवं सभी परिजनों के साथ रथयात्रा का भव्य स्वागत एवं पूजन किया। पुष्पवर्षा, आरती और जयघोष के बीच अखंड ज्योति का अभिनंदन किया गया। इसके उपरांत प्रतिपाल यादव के आवास पर भोजन प्रसाद एवं अल्प विश्राम के बाद रथयात्रा आगे बढ़ी और विभिन्न स्थानों पर स्वागत-पूजन के बीच कांट पहुंची।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण योजना का साहित्य वितरित किया गया। साथ ही विचार क्रांति अभियान से जुड़कर नशामुक्ति, नैतिकता, पारिवारिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के संकल्प के साथ श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर रथ सारथी राकेश जी ने कहा कि, “आज समाज अनेक प्रकार की चुनौतियों से जूझ रहा है। भौतिक प्रगति के बावजूद मानसिक अशांति, पारिवारिक विघटन, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और नैतिक मूल्यों का ह्रास चिंता का विषय है। ज्योति कलश रथयात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक भावना जगाना नहीं, बल्कि व्यक्ति के विचारों में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। जब विचार बदलते हैं तो व्यक्ति बदलता है, व्यक्ति बदलता है तो परिवार बदलता है और परिवार बदलता है तो समाज तथा राष्ट्र के निर्माण की नई दिशा बनती है। विचार क्रांति ही युग परिवर्तन का आधार है।”
रथयात्रा के साथ रथ सारथी राकेश जी, मीडिया प्रकोष्ठ से कपूर, महिपाल, प्रतिपाल एवं रामरतन सहित अनेक गायत्री परिजन उपस्थित रहे।

सायंकाल कांट में स्वर्गीय रामकृष्ण शर्मा के आवास पर भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। दीपयज्ञ में युवा प्रकोष्ठ की दीपा शर्मा ने परिवार एवं सभी गायत्री परिजनों के साथ पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दीपयज्ञ में गायत्री परिवार कांट के सभी कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ परिजन उपस्थित रहे। दीपयज्ञ को जिला समन्वयक सूरज वर्मा, सीताराम एवं रथ सारथी राकेश जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।
दीपयज्ञ के दौरान युगऋषि संदेशवाहकों ने कहा कि, “दीपयज्ञ केवल दीप जलाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपने भीतर ज्ञान, विवेक और सदाचार का दीप प्रज्ज्वलित करने का संकल्प है। युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण का जो अभियान चलाया था, वही आज ज्योति कलश रथयात्रा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। आवश्यकता इस बात की है कि हम अपने जीवन में सद्विचार, सदाचार और सेवा भाव को स्थान दें तथा एक आदर्श समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।”
गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दो दिनों तक मदनापुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचकर जनजागरण, विचार क्रांति और युग निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के प्रभाव से बड़ी संख्या में लोग आत्मसुधार, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, संस्कार निर्माण और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प ले रहे हैं, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई चेतना जागृत हो रही है।







