लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा भवन के प्रथम तल पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शॉर्ट सर्किट के कारण एयर कंडीशनर (एसी) की यूनिट में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के कक्ष में लगे एसी यूनिट में लगी।
आग लगने की सूचना मिलते ही विधान भवन परिसर में मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। कर्मचारियों की सतर्कता के चलते आग को समय रहते बुझा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के बाद सुरक्षा और विद्युत व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है।
विधान भवन कर्मचारियों की तत्परता से आग पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया, जिससे किसी बड़े नुकसान से बचाव हो सका।







