ध्यान, योग और आत्मचेतना का पर्व बना ध्यानोत्सव, ब्राइटर माइंड के बच्चों ने बंद आंखों से प्रतिभा का किया प्रदर्शन

By Liberal Media

Published On:

सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा ने किया शुभारंभ, हार्टफुलनेस मेडिटेशन की बताई उपयोगिता

शाहजहांपुर। श्री रामचंद्र मिशन एवं हार्टफुलनेस मेडिटेशन की ओर से मिश्रीपुर स्थित श्री रामचंद्र मिशन योगाश्रम में आयोजित तीन दिवसीय ‘ध्यानोत्सव’ के दूसरे दिन ध्यान, योग और आत्मचेतना का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में सहज मार्ग साधना पद्धति और हार्टफुलनेस मेडिटेशन के माध्यम से आंतरिक शांति, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक उन्नति के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रारंभ में लखनऊ से आए चंद्रकांत ने प्रतिभागियों को योग के प्रमुख आसनों का अभ्यास कराया और नियमित योग के लाभों से अवगत कराया।

ध्यानोत्सव के दौरान उपस्थित लोग उस समय आश्चर्यचकित रह गए, जब रामचंद्र मिशन के ब्राइटर माइंड कार्यक्रम से जुड़े बच्चों चेतन और करिश्मा ने आंखों पर पट्टी बांधकर विभिन्न वस्तुओं, विजिटिंग कार्ड, नोटों के नंबर, गेंदों के रंग और पहचान पत्रों से संबंधित जानकारी बताने का प्रदर्शन किया। बच्चों की इस प्रस्तुति की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

जोन प्रभारी शालिनी मेहरोत्रा ने सहज मार्ग साधना पद्धति और हार्टफुलनेस मेडिटेशन की ‘सफाई’ प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ध्यानोत्सव का मूल उद्देश्य व्यक्ति के अंतर्मन में दया, करुणा, प्रेम और सह-अस्तित्व की भावनाओं का विकास करना है, ताकि जीवन और कार्य के बीच संतुलन स्थापित किया जा सके।

केंद्र प्रभारी सर्वेश चंद्रा ने प्रतिभागियों को ध्यान अभ्यास कराया और नियमित ध्यान साधना को मानसिक शांति एवं सकारात्मक जीवन का आधार बताया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक मिश्रा ने कहा कि श्री रामचंद्र मिशन ध्यान साधना के माध्यम से लोगों की आध्यात्मिक उन्नति और मानव कल्याण के लिए जो कार्य कर रहा है, वह सराहनीय और प्रेरणादायी है।

कार्यक्रम के अंत में जोन प्रभारी शालिनी मेहरोत्रा और प्रशिक्षक गोपाल अग्रवाल ने सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

ध्यानोत्सव के आयोजन में राजगोपाल अग्रवाल, ममता सिंह, हर्षवर्धन अग्रवाल, आनंद मिश्रा, सुयश सिन्हा, संजय सक्सेना, प्रवीण बाजपेई, कृष्णा भारद्वाज, सुनीता सिन्हा, मदनेश कुमार, प्रवेश मिश्रा, अभिषेक कुमार, सुरेंद्र सिन्हा, रजनीश कुमार, अमिता सक्सेना, प्रतिमा, आलोक और माया सिंह सहित अनेक लोगों का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights