बहगुल नदी में डूबे भाई-बहन, जन्मदिन समारोह में आए मासूमों की दर्दनाक मौत

By Liberal Media

Published On:

Date:

शाहजहांपुर। जिले के जैतीपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में बहगुल नदी में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने मौसा की बेटी के जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के डभौरा गांव निवासी अमर सिंह उर्फ कल्लू राम के 14 वर्षीय बेटे विजय और 9 वर्षीय बेटी वंशिका शनिवार को अपने माता-पिता और बहन के साथ जैतीपुर थाना क्षेत्र के कुलुआ बोझ गांव में रहने वाले अपने मौसा अमर सिंह उर्फ भूरे के घर आए थे। शनिवार रात दोनों बच्चों ने मौसा की बेटी के जन्मदिन समारोह में हिस्सा लिया और परिवार के साथ वहीं रुक गए।

रविवार दोपहर करीब एक बजे विजय और वंशिका अपने मौसा के बेटे आनंद के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित बहगुल नदी में नहाने चले गए। नहाते समय दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और नदी में बने एक गड्ढे में डूबने लगे। उन्हें डूबता देख आनंद ने शोर मचाया।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो मासूम भाई-बहन की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि भाई-बहन की नदी में डूबने से मौत हुई है। दोनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights