गौहरपुरा पहुंची ज्योति कलश रथयात्रा
शाहजहांपुर। भाग्य नहीं, बल्कि सौभाग्य की बात है कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति स्वयं जन-जन तक पहुंचकर विचार क्रांति अभियान को गति दे रही है और युग निर्माण योजना में अपनी महती भूमिका निभा रही है। इसी भावना के साथ निकली ज्योति कलश रथयात्रा रविवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में भ्रमण करती हुई गायत्री शक्तिपीठ गौहरपुरा पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का वातावरण बना रहा।
यात्रा का शुभारंभ डबल स्टोरी फैक्ट्री स्टेट से हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ अखंड ज्योति का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा रामनगर कॉलोनी पहुंची, जहां शक्तिपीठ ट्रस्टी दुर्गेश कुमार सिंह ने परिवार सहित स्वागत किया। इसके उपरांत यात्रा पुलिस लाइन पहुंची, जहां आकाश प्रजापति ने परिवार सहित पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
जगह-जगह स्वागत प्राप्त करती हुई यात्रा तारीन बहादुरगंज पहुंची, जहां गायत्री शक्तिपीठ गौहरपुरा के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी राजाराम मौर्य ने सपत्नीक एवं परिजनों के साथ रथयात्रा का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। बनखंडी नाथ मंदिर पर ट्रस्टी शालीन ठाकुर ने श्रद्धाभाव से स्वागत किया।
इसके बाद यात्रा जियाखेल पहुंची, जहां गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने सपत्नीक एवं परिजनों के साथ पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। रंजीत वर्मा के आवास पर भोजन प्रसाद एवं अल्प विश्राम के बाद यात्रा मिशन स्कूल फील्ड, गौहरपुरा पहुंची, जहां बड़ी संख्या में उपस्थित वरिष्ठ गायत्री परिजनों ने जयघोष के साथ स्वागत किया।

अंततः यात्रा गायत्री शक्तिपीठ गौहरपुरा पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने ढोल नगाड़ों आरती, पुष्पांजलि और जयघोष के साथ अखंड ज्योति का अभिनंदन किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को अखंड ज्योति पत्रिका, सद्साहित्य एवं युग निर्माण साहित्य वितरित कर विचार क्रांति, नशामुक्ति, संस्कारवान परिवार निर्माण और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर रथ सारथी राकेश जी ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा आत्मजागरण, विचार परिवर्तन और समाज निर्माण का एक जन-अभियान है, जो लोगों को स्वयं बदलने और युग परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा है।
रथयात्रा के साथ रथ सारथी राकेश जी, जिला समन्वयक सूरज वर्मा, अमन, राहुल तथा मीडिया प्रकोष्ठ से जय सहित अनेक गायत्री परिजन उपस्थित रहे।
सायंकाल गायत्री शक्तिपीठ गौहरपुरा में अखंड दीप के समक्ष सामूहिक साधना के उपरांत भव्य दीपयज्ञ संपन्न हुआ। इस दौरान सैकड़ों गायत्री परिजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे और विश्व शांति, सद्भाव एवं मानव कल्याण की कामना की।
गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दो दिनों तक कांट क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर जनजागरण, विचार क्रांति और युग निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी।









