शाहजहांपुर: बहू पर संपत्ति कब्जाने और प्रताड़ना के आरोप, परिजनों ने सीएम योगी से लगाई न्याय की गुहार

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित दुर्गा होटल के पीछे एक मकान को लेकर पारिवारिक विवाद गहरा गया है। होटल व्यवसायी स्वर्गीय मोहित अरोड़ा की मृत्यु के बाद उनके परिवार की महिलाओं ने बहू राखी अरोड़ा पर सास की संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश, परिजनों को प्रताड़ित करने और ससुर को अपने पास रखकर परिवार से दूर रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

परिजनों के अनुसार, मोहित अरोड़ा की पत्नी राखी अरोड़ा अपने ससुर पूरन लाल अरोड़ा को अपने पास रखे हुए हैं और कथित तौर पर अपनी सास श्रीमती कैलाश रानी अरोड़ा को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही हैं। परिवार का आरोप है कि सिविल लाइन स्थित जिस मकान पर विवाद चल रहा है, वह श्रीमती कैलाश रानी अरोड़ा के नाम दर्ज है, लेकिन इसके बावजूद उस पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

परिवार की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि राखी अरोड़ा अपने देवर आशु अरोड़ा को विभिन्न मामलों में फंसाने की कोशिश कर रही हैं और पुलिस को गलत सूचनाएं देकर बार-बार बुलवाती हैं। परिजनों का यह भी दावा है कि शनिवार को भी कथित तौर पर सास की संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया गया, जिसकी सूचना मिलने पर सास की बेटी लीना सहगल, जो बरेली में रहती हैं, और अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए।

परिवार की महिलाओं ने रोते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की मांग करते हुए कहा कि उन्हें निष्पक्ष जांच और सुरक्षा प्रदान की जाए। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि होटल व्यवसायी मोहित अरोड़ा की मृत्यु सामान्य नहीं थी और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

मामले को लेकर परिवार ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर संपत्ति विवाद और मोहित अरोड़ा की मृत्यु की जांच कराने की मांग की है।

वहीं, जब इस संबंध में राखी अरोड़ा का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उनसे संपर्क नहीं हो सका और उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
मामले में प्रशासनिक स्तर पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights