जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, तत्काल निस्तारण के दिए निर्देश

By Liberal Media

Published On:

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दर्शन में लगभग डेढ़ सौ से अधिक फरियादी अपनी विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे और मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक-एक फरियादी से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता आमजन को समयबद्ध न्याय और राहत उपलब्ध कराना है। जनता की समस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए।

जनता दर्शन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर स्थित गौशाला पहुंचकर गौसेवा की। उन्होंने गौवंश को गुड़ और चारा खिलाया तथा गौशाला की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। फरियादियों ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद और त्वरित कार्रवाई के निर्देश मिलने पर संतोष व्यक्त किया।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights