अलीगढ़। अलीगढ़ कोल विधानसभा क्षेत्र में परम पूज्य अनंत श्री विभूषित जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के पावन आगमन पर उनका भव्य एवं गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर ख्वाजा हसन जिब्रान के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने फूल-मालाएं, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर शंकराचार्य जी का अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह के दौरान श्रद्धालुओं और समर्थकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने जयघोष के साथ शंकराचार्य जी का अभिनंदन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने ख्वाजा हसन जिब्रान के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे बढ़ें और राजनीति के क्षेत्र में तरक्की करें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे। शंकराचार्य जी के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।








