‘हम बदलेंगे, युग बदलेगा’ के उद्घोष के साथ कृभको फर्टिलाइजर पहुंची ज्योति कलश रथयात्रा

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। ‘हम बदलेंगे, युग बदलेगा; हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा’ के प्रेरणादायी उद्घोष के साथ ज्योति कलश रथयात्रा शनिवार को श्याम फर्टिलाइजर पहुंची। युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति का दिव्य संदेश लेकर निकली रथयात्रा का कृभको नगर कालोनी में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती एवं जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया।

यात्रा का स्वागत-पूजन सर्वप्रथम यात्रा प्रभारी उमापति गुप्ता एवं रामनारायण, सीमा तथा शिवानी सिंह ने परिवार के सभी सदस्यों एवं परिजनों के साथ पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ किया। इसके बाद पूरी कालोनी में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने ज्योति कलश रथयात्रा का भव्य स्वागत किया। परिजन श्रद्धा भाव से अखंड ज्योति के समक्ष नतमस्तक हुए और आशीर्वाद प्राप्त किया।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया। साथ ही विचार क्रांति अभियान, नशामुक्ति, संस्कारवान परिवार निर्माण एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर रथ सारथी राकेश जी ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि विचार क्रांति, आत्मजागरण और संस्कार निर्माण का जन-जागरण अभियान है। अखंड ज्योति का संदेश है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने भीतर ज्ञान, सेवा और सद्विचारों का दीप प्रज्ज्वलित करे तथा परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाए।

रथयात्रा के साथ रथ सारथी राकेश जी, जिला समन्वयक सूरज वर्मा, शिवानी, गीता, मंजू, रानी तथा मीडिया प्रकोष्ठ से जय, नितिन, कपूर सहित अनेक गायत्री परिजन उपस्थित रहे।

सायंकाल कृभको नगर गेस्ट हाउस में भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। दीपयज्ञ में जयप्रकाश श्रीवास्तव, उप महाप्रबंधक, कृभको फर्टिलाइजर शाहजहांपुर, ने सपत्नीक एवं परिजनों के साथ पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि और समाज में सद्भावना की कामना की।

दीपयज्ञ को जिला समन्वयक सूरज वर्मा, मंजू, शिवानी, गीता, एवं रथ सारथी राकेश जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।

दीपयज्ञ के दौरान जिला समन्वयक सूरज वर्मा ने कहा कि दीपयज्ञ भारतीय संस्कृति में आत्मप्रकाश, सद्भाव और विश्व कल्याण का प्रतीक है। एक दीप से हजारों दीप प्रज्ज्वलित हो सकते हैं, उसी प्रकार एक श्रेष्ठ विचार समाज में व्यापक परिवर्तन का आधार बन सकता है। युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा दिए गए विचार क्रांति, आत्मसुधार, नशामुक्ति और संस्कारवान समाज निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना ही ज्योति कलश रथयात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।

गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दिवस नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्वागत के बाद गायत्री शक्तिपीठ गौहरपुरा पहुंचेगी, जहां भव्य स्वागत, सामूहिक साधना एवं विशाल दीपयज्ञ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रथयात्रा के प्रभाव से बड़ी संख्या में लोग आत्मसुधार, नशामुक्ति, सद्विचार और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प ले रहे हैं, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई चेतना जागृत हो रही है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights