अखिलेश यादव की पुत्री पर सोशल मीडिया टिप्पणी से भड़के सपाई, FIR की मांग को लेकर रसड़ा कोतवाली पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ता

By Liberal Media

Published On:

बलिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पुत्री को लेकर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में शुक्रवार को रसड़ा कोतवाली में सपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने संबंधित युवक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सपा विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया पर जानबूझकर अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां कर अखिलेश यादव के परिवार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी रोष व्याप्त है।

इस दौरान बीरबल राम, पुरुषोत्तम यादव सहित बड़ी संख्या में सपा समर्थक कोतवाली परिसर में मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियां सामाजिक मर्यादाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत हैं।

पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है और सपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights