नकली ब्रिगेडियर बनकर कैंट क्षेत्र में घूम रहा युवक गिरफ्तार, सेना ने पुलिस को सौंपा

By Liberal Media

Published On:

Date:

शाहजहांपुर। जनपद के कैंट क्षेत्र में सेना ने खुद को ब्रिगेडियर बताकर घूम रहे एक युवक को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान थाना रोजा क्षेत्र की दुर्गा इंक्लेव कॉलोनी निवासी आर.एन. वर्मा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, आर.एन. वर्मा सेना के ब्रिगेडियर की वर्दी पहनकर कैंट क्षेत्र स्थित शहीद संग्रहालय पहुंचा था। उसकी गतिविधियों पर संदेह होने पर सेना के अधिकारियों ने उसे रोककर पूछताछ की। जांच के दौरान उसके पास से ब्रिगेडियर रैंक के स्टार लगी एक कार भी बरामद हुई।

बताया जा रहा है कि युवक के साथ दो निजी बाउंसर और एक ड्राइवर भी मौजूद थे, जिन्हें भी सेना ने हिरासत में लिया। सेना के अधिकारियों ने युवक से लंबे समय तक पूछताछ की और उसके दस्तावेजों की जांच की।

प्राथमिक जांच में उसके सेना से जुड़े होने के पर्याप्त प्रमाण न मिलने पर सेना ने उसे आगे की कार्रवाई के लिए सदर बाजार पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक सेना के वरिष्ठ अधिकारी का रूप धारण कर कैंट क्षेत्र में किस उद्देश्य से आया था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights