लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पास के एक गांव निवासी देशराज के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, देशराज मंगलवार शाम घर से मोबाइल बनवाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। बुधवार सुबह उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में पीजीआई क्षेत्र में खून से लथपथ पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पत्नी ने मामले को हत्या बताते हुए कुछ प्रॉपर्टी डीलरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कुछ लोगों ने कथित तौर पर नशीला पदार्थ खिलाकर उनके पति की जमीन बिकवा ली थी और उसका पूरा भुगतान भी नहीं किया था। पत्नी का आरोप है कि जब देशराज अपने पैसे की मांग करते थे तो उन्हें लगातार धमकियां दी जाती थीं।
पत्नी ने इस मामले में कुछ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








