शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र की एक युवती ने एक युवक पर पहचान छिपाकर दोस्ती करने, वर्षों तक शारीरिक शोषण करने, धर्म परिवर्तन कर निकाह का दबाव बनाने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने दो बार आत्महत्या का प्रयास भी किया, लेकिन उसकी जान बच गई।
युवती के अनुसार, कई वर्ष पहले एक शादी समारोह में उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी, जिसने अपना नाम आरव बताया था। बाद में उसे पता चला कि उसका वास्तविक नाम अतीक है। आरोप है कि युवक ने दोस्ती के बाद उसकी फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी और इसी आधार पर लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि उस पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। युवती का कहना है कि मानसिक तनाव और सामाजिक बदनामी के डर से उसने दो बार आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन परिजनों की सतर्कता से उसकी जान बच गई।








