शाहजहांपुर। बाल विकास परियोजना भावलखेड़ा के अंतर्गत तहवरगंज आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन रविवार को प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ग्राम पंचायत की दो महिलाओं श्रीमती पूजा अग्निहोत्री एवं श्रीमती सबी की गोद भराई की तथा कन्या हिबा का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान मिश्रीपुर श्रीमती माया देवी वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी उत्तम कुमार, खंड विकास अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, बाल विकास परियोजना अधिकारी आशुतोष कुमार तिवारी, मुख्य सेविका फूलमती, कुसुम देवी, किरण देवी, कन्याकुमारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री अंजली मिश्रा, रीता गौतम, हुमा परवीन सहित बड़ी संख्या में सहायिकाएं और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं में आधुनिक सुविधाओं से युक्त आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण और प्रभावी संचालन शामिल है। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से नवजात बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाया जा रहा है, जिससे स्वस्थ और सशक्त नई पीढ़ी का निर्माण हो सके।









