ज्योति कलश रथयात्रा से गूंजा हथौड़ा क्षेत्र, विचार क्रांति अभियान का संदेश पहुंचा घर-घर

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति का प्रकाश जन-जन तक पहुंचाते हुए ज्योति कलश रथयात्रा शनिवार को हथौड़ा क्षेत्र पहुंची। प्रातः शक्तिपीठ पर पूजन-अर्चन के उपरांत रथयात्रा अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ी। यात्रा जहां-जहां पहुंची, वहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का वातावरण देखने को मिला।

रथयात्रा हथौड़ा स्थित गायत्री मंदिर पहुंची, जहां राजेंद्र राठौर ने परिवार एवं गायत्री परिजनों के साथ स्वागत, पूजन और आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद कैलाश नगर में सुमित सक्सेना ने परिजनों सहित यात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह स्वागत होते हुए रथयात्रा सिटी पार्क पहुंची, जहां प्रेम तुली के परिवार एवं अतिन रस्तोगी ने परिवार के साथ स्वागत किया। इसके बाद दुर्गा एनक्लेव में यात्रा प्रभारी आशुतोष शुक्ला ने सपत्नीक एवं परिजनों सहित स्वागत एवं पूजन किया।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया। सभी ने विचार क्रांति अभियान से जुड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर यात्रा प्रभारी आशुतोष शुक्ला ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा का उद्देश्य युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण की भावना को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति, नैतिक जागरण, संस्कार संवर्धन और आत्मपरिष्कार के माध्यम से ही श्रेष्ठ समाज का निर्माण संभव है। जहां-जहां रथयात्रा पहुंच रही है, वहां आध्यात्मिक चेतना और सद्विचारों का वातावरण निर्मित हो रहा है तथा लोग युग निर्माण योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

रथयात्रा के साथ यात्रा प्रभारी आशुतोष शुक्ला, रथ सारथी राकेश जी, मीडिया से अतुल, सीताराम सक्सेना सहित अनेक गायत्री परिजन उपस्थित रहे।

दुर्गा एनक्लेव में भोजन प्रसाद एवं अल्प विश्राम के उपरांत रथयात्रा आगे बढ़ी और विभिन्न स्थानों पर स्वागत प्राप्त करते हुए सायंकाल ग्राम बरनई पहुंची, जहां भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया।

दीपयज्ञ में चन्द्रप्रकाश जी ने परिवार सहित पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि और समाज में सद्भावना की कामना की। दीपयज्ञ को सीताराम जी एवं रथ सारथी राकेश जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।

दीपयज्ञ के दौरान संदेशवाहकों ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को केवल भौतिक विकास नहीं, बल्कि नैतिक और आध्यात्मिक जागरण की भी आवश्यकता है। युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रारंभ किया गया विचार क्रांति अभियान आज भी समाज को नई दिशा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि दीपयज्ञ अंधकार से प्रकाश, अविद्या से विद्या और स्वार्थ से परमार्थ की ओर बढ़ने का प्रतीक है। सभी लोगों से नशामुक्ति, सदाचार, सेवा, संस्कार और सामाजिक सद्भाव को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।

गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दिन ग्राम महोलिया पहुंचेगी जहां जगह जगह स्वागत के साथ गावँ में 5 कुण्डीय गायत्री यज्ञ एवं दीपयज्ञ के साथ जनजागरण, विचार क्रांति और युग निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी। यात्रा के प्रभाव से बड़ी संख्या में लोग आत्मसुधार, नशामुक्ति और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प ले रहे हैं, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई चेतना जागृत हो रही है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights