विश्व पर्यावरण दिवस पर शाहजहांपुर में बृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में बृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। विकासखंड ददरौल के संविलयन विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने हरिशंकरी का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जनपद में 8 लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक है। वहीं जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में 8.64 लाख पौधे रोपे जा रहे हैं तथा इस वर्ष 44 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम में बच्चों को फलदार पौधे वितरित किए गए तथा पर्यावरण विषयक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, डीपीएस राठौर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, डीएफओ सचिन कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights