बिजनौर। चांदपुर क्षेत्र में गुलदारों की बढ़ती संख्या ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गन्ने के खेतों में लगातार गुलदारों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों और किसानों में दहशत का माहौल है।
वन विभाग के अनुसार, मई माह में क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से अब तक छह गुलदारों को पिंजरों में कैद किया जा चुका है। इसके अलावा खेतों में 10 शावक भी मिले हैं, जिससे इलाके में गुलदारों के बड़े कुनबे की मौजूदगी का संकेत मिला है।
गन्ने के घने खेत गुलदारों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनते जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि खेतों में गुलदार दिखाई देने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और खेतों पर जाना भी जोखिम भरा हो गया है।
वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। विभाग का कहना है कि गुलदारों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगलों में छोड़े जाने की कार्रवाई जारी है।








