प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, 102 दिन बाद खुला राज

By Liberal Media

Published On:

Date:

शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी थाना पुलिस ने मानपुर मलिकापुर गांव निवासी ओमकार सिंह की गुमशुदगी के मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या की वारदात का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी ओमा भारती और उसके प्रेमी नन्हे को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर शव बरामद किया है।

पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ओमकार सिंह 23 फरवरी 2026 को तिलहर न्यायालय में तारीख पर जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। 6 मार्च को उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। बाद में परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ओमा भारती और कांट थाना क्षेत्र के गांव लिंथरा निवासी नन्हे के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। ओमकार इसका विरोध करता था, जिससे दोनों उसे अपने रिश्ते में बाधा मानने लगे।

पुलिस के अनुसार, दोनों ने साजिश के तहत ओमकार को नन्हे के बगीचे में बुलाया और शराब पिलाई। नशे की हालत में उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को बगीचे में केले के पेड़ के पास गड्ढा खोदकर दफना दिया गया ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में हत्या, साक्ष्य छिपाने सहित अन्य धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एसपी सिटी ने बताया कि मामले की गहन जांच के बाद 102 दिन पुराने इस हत्याकांड का खुलासा किया गया है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights