अखंड ज्योति से आलोकित हो रहा समाज, चिनौर में उमड़ी श्रद्धा

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित की गई अखंड ज्योति आज जन-जन तक पहुंचकर ज्ञान, संस्कार और जागरूकता का प्रकाश फैला रही है। जनपद भ्रमण पर निकली ज्योति कलश रथयात्रा गुरुवार को गायत्री शक्तिपीठ चिनौर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने आरती, पूजन, पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ अभूतपूर्व स्वागत किया। रथयात्रा के माध्यम से जनजागरण, विचार क्रांति, नशामुक्ति और युग निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
स्वागत पूजन एवं आरती के उपरांत रथयात्रा चिनौर के विभिन्न मोहल्लों, गांवों, गुलमर्ग कॉलोनी, आर्यन नगर कॉलोनी एवं मालाराम कॉलोनी पहुंची। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत कर युग निर्माण अभियान से जुड़ने का संकल्प लिया।
इस दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया। साथ ही विचार क्रांति अभियान के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया गया।
रथ सारथी राकेश जी ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा का उद्देश्य व्यक्ति, परिवार और समाज में श्रेष्ठ विचारों का प्रकाश फैलाना है। जब विचार बदलते हैं तो जीवन और समाज दोनों बदलते हैं। उन्होंने सभी से आत्मसुधार को युग परिवर्तन का आधार बनाने का आग्रह किया।
रथयात्रा के साथ रथ सारथी राकेश जी, मीडिया से कपूर, महिपाल, जगबीर, श्रीराम, सीताराम, माया चौहान, मुन्नी, संगीता देवी, संतकुमार, रामप्रसाद, नीता, सविता सहित अनेक गायत्री परिजन उपस्थित रहे।


सायंकाल अन्नपूर्णा मंदिर, चिनौर में भव्य दीपयज्ञ संपन्न हुआ। दीपयज्ञ में सोनू वर्मा ने परिवार सहित तथा गायत्री शक्तिपीठ चिनौर के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी पी.के. सिंह ने ट्रस्टियों एवं गायत्री परिजनों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि एवं समाज में सद्भावना की कामना की।
दीपयज्ञ को जिला समन्वयक सूरज वर्मा, मंजू, गीता एवं रथ सारथी राकेश जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।
दीपयज्ञ के दौरान सूरज वर्मा ने कहा कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का विचार क्रांति अभियान आज भी समाज को नई दिशा दे रहा है। नशामुक्ति, संस्कार निर्माण और आत्मपरिष्कार के माध्यम से ही श्रेष्ठ समाज का निर्माण संभव है।
गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी एक दिन तक गायत्री शक्तिपीठ चिनौर में प्रवास कर आसपास के गांवों में जनजागरण अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के प्रभाव से बड़ी संख्या में लोग नशामुक्ति, आत्मसुधार और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प ले रहे हैं तथा युग निर्माण योजना समाज में नई चेतना का संचार कर रही है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights