मऊ। जिले में नाबालिग लड़की के अपहरण मामले में फरार चल रहे आरोपी दानिश उर्फ छोटू को पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, बीते 29 मई को हलधरपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में दानिश उर्फ छोटू पर लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लड़की को सकुशल बरामद कर लिया था, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार भोर में सूचना मिली कि आरोपी बसारिकपुर की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मडैली-बढ़नपुरा गेट के पास घेराबंदी की। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी रतनपुरा भेजा गया, जहां से उसे जिला अस्पताल मऊ रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा (.315 बोर), एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिग अपहरण मामले का आरोपी दानिश पुलिस मुठभेड़ में घायल, ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत गिरफ्तारी
Published On:
Date:








