महोबा। जनपद महोबा के कबरई क्षेत्र में कानपुर बाईपास पर एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब बिहार नंबर का एक ट्रक-ट्राला 11 हजार केवी की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। लाइन से टकराते ही ट्रक में भीषण आग लग गई और उसका अगला हिस्सा देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गया। गनीमत रही कि चालक और क्लीनर ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, बांदा रोड बैरियर के पास कानपुर बाईपास से गुजर रहा बिहार नंबर का ट्रक-ट्राला (BR 28GB 1159) अचानक चालक का नियंत्रण खोने के कारण हाईटेंशन लाइन के करीब पहुंच गया। इसी दौरान वाहन ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी की बिजली लाइन से टकरा गया। संपर्क होते ही तेज चिंगारियां निकलीं और ट्रक में आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ट्रक का अगला हिस्सा धू-धू कर जलने लगा। घटना को देखकर आसपास के लोगों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई तथा मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
हादसे के दौरान चालक और क्लीनर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलते ही कबरई थाना प्रभारी सत्यवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
इसके बाद दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रक का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ट्रक को आग की लपटों में घिरा देखा जा सकता है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
हाईटेंशन लाइन से टकराया ट्रक, धू-धू कर जला वाहन; ड्राइवर और क्लीनर ने कूदकर बचाई जान
Published On:
Date:








