‘हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा’ के नारों से गूंजे बड़ागांव व सकुलिया, श्रद्धालुओं ने युग निर्माण योजना से जुड़ने का लिया संकल्प

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में संचालित ज्योति कलश रथयात्रा रविवार को बड़ागांव एवं सकुलिया पहुंची। रथयात्रा के स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं ने “हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा” के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया तथा बड़ी संख्या में लोगों ने युग निर्माण योजना से जुड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया। पुष्पवर्षा, आरती और जयघोष के बीच रथयात्रा का भव्य स्वागत किया गया। क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार जागरण और आत्मसुधार का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

सर्वप्रथम रथयात्रा प्रातः तुलाराम बाबा बड़ागांव से होते हुए कनेरी बाबा एवं संतोषी माता मंदिर पहुंची। इसके बाद गांव में भ्रमण करते हुए यात्रा श्री रामकुमार यादव के आवास पहुंची, जहां परिजनों ने विधिवत पूजन-अर्चन कर स्वागत किया। बड़ागांव एवं आसपास के गांवों से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ज्योति कलश का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।


इस अवसर पर रामऔतार, रमेश चंद्र, अंकित, कंचन, महेश्वर दयाल गुप्ता, रिशिपाल यादव, वीरेंद्र सक्सेना, ज्योति शर्मा, अचल शर्मा, ओमप्रकाश, सुशीला देवी, कृष्णा देवी, महेश पांडे, रामनिवास, सर्वेश तिवारी, माया देवी सहित अनेक परिजन यात्रा के साथ उपस्थित रहे।

दोपहर बाद रथयात्रा सकुलिया पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने जयघोष और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। आसपास के गांवों में भी जगह-जगह यात्रा का अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।


इस अवसर पर रथ सारथी राकेश जी ने कहा कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का विचार क्रांति अभियान व्यक्ति निर्माण से समाज निर्माण की दिशा में एक सशक्त प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि हम स्वयं को सुधारने का प्रयास करें, क्योंकि “हम सुधरेंगे तो युग सुधरेगा”। उन्होंने कहा कि आत्मसुधार ही सबसे बड़ा सुधार है और हमें अपने व्यवहार में ऐसे संस्कार विकसित करने चाहिए कि हम किसी के साथ वैसा व्यवहार न करें, जो स्वयं हमें पसंद न हो। यही मानवता, सद्भाव और श्रेष्ठ समाज की नींव है।


रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया। साथ ही सभी से विचार क्रांति अभियान से जुड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया गया।


सायंकाल ग्राम सकुलिया में शेर सिंह यादव के आवास पर भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। शेर सिंह यादव एवं शिवकुमार जी ने अन्य परिजनों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि तथा समाज में सद्भावना की कामना की। दीपों की अलौकिक आभा से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।


दीपयज्ञ रथ सारथी राकेश, राजेंद्र सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।


दीपयज्ञ के दौरान राकेश जी ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जनजागरण, नैतिक उत्थान और आत्म जागरण का अभियान है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के विचारों में परिवर्तन ही समाज परिवर्तन का आधार है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में सत्य, सदाचार, संयम और सेवा के मूल्यों को अपनाए तो परिवार, समाज और राष्ट्र स्वतः सशक्त बन जाएगा।
उन्होंने कहा कि युगऋषि का संदेश है कि परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से की जाए। जब हम अपने दोषों को दूर कर श्रेष्ठ गुणों को अपनाते हैं, तभी वास्तविक युग परिवर्तन संभव होता है। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से नशामुक्ति, कुरीतियों के त्याग, सद्भाव और संस्कारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।


विश्व तम्बाखू निषेध दिवस पर


दीपयज्ञ की पूर्णाहुति पर सभी से गुरुदेव के विचार क्रांति अभियान से जुड़ने एवं
व्यसन से बचाओ सृजन में लगाओ का संकल्प दिलाया।


कार्यक्रम में शिवकुमार जी, देवेंद्र, गजोधर लाल, प्रमोद, महेंद्र सहित अनेक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दिवस में सिंधौली क्षेत्र में पहुंचेगी, जहां जनजागरण, विचार क्रांति और आध्यात्मिक चेतना का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा के प्रभाव से क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण सुदृढ़ हो रहा है तथा बड़ी संख्या में लोग नशामुक्ति, आत्मसुधार और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प ले रहे हैं। युग निर्माण का यह अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई चेतना जगा रहा है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights