शाहजहांपुर। डॉ. श्रॉफ्स चैरिटी आई हॉस्पिटल (एससीईएच) के मोहम्मदी सेंटर में वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीषा आचार्य को मेडिकल डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से य़ह जानकारी देते हुए डॉक्टर जी डी अग्रवाल ने इसे संस्थान के विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
शहर के एक होटल में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि डॉ. मनीषा आचार्य को नेत्र चिकित्सा, सर्जिकल सेवाओं और स्वास्थ्य प्रबंधन का व्यापक अनुभव है। उनके नेतृत्व में मोहम्मदी सेंटर की क्लिनिकल गतिविधियों, गुणवत्ता मानकों तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि डॉ. आचार्य की विशेषज्ञता और नेतृत्व क्षमता संस्थान के उद्देश्यों के अनुरूप है। उनके मार्गदर्शन में सेंटर अधिक से अधिक मरीजों तक गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने में सफल होगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2010-11 में स्थापित मोहम्मदी सेंटर ने बीते डेढ़ दशक में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। सेंटर में स्थापना से अब तक 11 लाख 85 हजार 971 से अधिक ओपीडी मरीजों को सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 15 हजार 5 नेत्र सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की जा चुकी हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 सेंटर के लिए रिकॉर्ड उपलब्धियों वाला वर्ष रहा। इस दौरान 2 लाख 62 हजार 181 ओपीडी विजिट दर्ज की गईं, जो सेंटर के इतिहास में सर्वाधिक हैं। वहीं 22 हजार 719 सर्जरी कर नया रिकॉर्ड बनाया गया। पिछले वर्ष की तुलना में ओपीडी में लगभग 19 प्रतिशत तथा सर्जरी में 13.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार आगामी समय में सेंटर की सर्जिकल क्षमता बढ़ाने, निवारक नेत्र चिकित्सा कार्यक्रमों को मजबूत करने तथा स्थानीय समुदायों और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के साथ समन्वय बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मोहम्मदी सेंटर में मोतियाबिंद सर्जरी, ग्लूकोमा उपचार, रेटिना एवं कॉर्निया सेवाएं, कॉर्निया प्रत्यारोपण, बाल नेत्र रोग उपचार, डायबिटिक रेटिनोपैथी स्क्रीनिंग, चश्मा एवं फार्मेसी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।









