ज्योति कलश रथयात्रा खुटार पहुंची, भव्य दीपयज्ञ में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया भाग

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में संचालित ज्योति कलश रथयात्रा शुक्रवार को खुटार क्षेत्र पहुंची, जहां ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। रथयात्रा के आगमन से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। सायंकाल ग्राम मलिका स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित भव्य दीपयज्ञ में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर दीप प्रज्ज्वलित किए और विश्व शांति, परिवार कल्याण तथा समाज में सद्भावना की कामना की। दीपों की अलौकिक रोशनी से पूरा वातावरण भक्तिमय और दिव्य हो उठा।

रथयात्रा के माध्यम से जनजागरण, नैतिक चेतना, विचार क्रांति और युग निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। खुटार पहुंचने पर परिजनों एवं ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत पूजन किया। यात्रा खमरिया, खांडसारा, सिमरई, रजमना, पिपरिया भगवंत, मलिका पिपरिया, बिरसिंग भटनौसपुर, केसरपुर, माथी, सिलूहा एवं अंडहा गांवों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित कर रथयात्रा का अभिनंदन किया। ग्रामीणों में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया तथा बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर जिला सह समन्वयक सुरेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रारंभ किया गया विचार क्रांति अभियान समाज में नैतिकता, संस्कार, सद्भाव और मानवता की स्थापना का अभियान है। उन्होंने कहा कि आज समाज अनेक सामाजिक बुराइयों, नशाखोरी, अशिक्षा, अंधविश्वास और आपसी वैमनस्य जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। इन चुनौतियों का समाधान केवल विचारों के परिवर्तन और आत्मचिंतन से संभव है।

उन्होंने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा का उद्देश्य गांव-गांव जाकर लोगों में आध्यात्मिक चेतना जागृत करना, परिवारों में संस्कारों को मजबूत करना तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के लिए प्रेरित करना है। गायत्री परिवार का यह अभियान केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक, संगठित और संस्कारित बनाने का प्रयास है।

इस दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया। साथ ही सभी से विचार क्रांति अभियान से जुड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया गया।

सायंकाल ग्राम मलिका स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व शांति, परिवार सुख-समृद्धि और समाज में सद्भावना की कामना की। दीपयज्ञ को जिला सह समन्वयक सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, शैलेन्द्र सिंह, श्याम सिंह एवं रथ सारथी राकेश जी ने संपन्न कराया।

दीपयज्ञ के दौरान सुरेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था जगाना नहीं, बल्कि लोगों के भीतर छिपी सकारात्मक ऊर्जा को जागृत करना है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अपने विचारों को शुद्ध करता है तो परिवार, समाज और राष्ट्र स्वतः मजबूत बनते हैं। आज आवश्यकता है कि हम अपने जीवन में संस्कार, संयम, सेवा और सद्भाव को अपनाकर युग परिवर्तन के इस अभियान में सहभागी बनें।

रथयात्रा के साथ खुटार यात्रा प्रभारी प्रमोद सिंह, चिरौंजी लाल वर्मा, ओमप्रकाश वर्मा, विनोद जी, विश्वेश्वर सिंह, श्याम सिंह, शैलेन्द्र सिंह, राधेश्याम, मुकेश वर्मा, विक्रम सिंह, जिला सह समन्वयक सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, रथ सारथी राकेश जी सपत्नीक तथा मीडिया प्रभारी कपूर, राजेंद्र सिंह, महिपाल सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बताया गया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दिवस तक खुटार क्षेत्र में प्रवास कर गांव-गांव जाकर जनजागरण, विचार क्रांति और आध्यात्मिक चेतना का संदेश पहुंचाएगी।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights