अमरोहा | LIBERAL MEDIA
अमरोहा जनपद के मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव चुचेला कलां स्थित ईदगाह में ईद-उल-अजहा की नमाज के बाद अलग ही माहौल देखने को मिला, जब मौलाना ने अपनी तकरीर में गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई।
मौलाना ने कहा कि गाय की कुर्बानी केवल प्रतिबंध का विषय नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और भावनाओं से जुड़ा मामला है। उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने की मांग की।
तकरीर के दौरान मौलाना ने कहा कि गोहत्या करने वालों, गाय का मांस खाने वालों, गाय की खरीद-फरोख्त करने वालों और एक्सपोर्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानून बनाया जाना चाहिए। उन्होंने ऐसे मामलों में फांसी की सजा दिए जाने की भी बात कही।
मौलाना ने ईदगाह में मौजूद लोगों से इस मांग का समर्थन करने की अपील की और कहा कि इस संदेश को सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार तक पहुंचाया जाए। उन्होंने इसे समाज और सरकार दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश बताते हुए व्यापक जनसमर्थन की जरूरत पर जोर दिया।








