ज्योति कलश रथयात्रा का बंडा में अंतिम दिन, गांव-गांव गूंजा विचार क्रांति और जनजागरण का संदेश

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में संचालित ज्योति कलश रथयात्रा ने बंडा क्षेत्र में अपने तीसरे एवं अंतिम दिन भी जनजागरण, आध्यात्मिक चेतना और विचार क्रांति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। ग्रामीण क्षेत्रों में यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत हुआ और श्रद्धालुओं ने युग निर्माण अभियान से जुड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया।

गुरुवार को रथयात्रा बंडा नगर क्षेत्र से आगे बढ़ी। सुबह दीपक बंसल जी के यहां हवन-पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद टाह गांव में रामनरेश जी के यहां यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा जब कुलम जुझारपुर और गढ़िया रसूलपुर पहुंची तो वहां प्रधान प्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं युवाओं ने पुष्पवर्षा और पूजन के साथ स्वागत किया। प्रिंस यादव, कोटेदार शेर सिंह सहित अनेक ग्रामीणों ने श्रद्धा भाव से यात्रा में सहभागिता की।

इसके उपरांत यात्रा ग्राम धर्मपुर पहुंची, जहां महेंद्र पाल जी के यहां परिजनों ने पूजन-अर्चन किया। दोपहर विश्राम के बाद यात्रा विभिन्न गांवों से होती हुई सायंकाल ग्राम डोकरी पहुंची, जहां ठाकुर बृजेश सिंह जी के आवास पर भव्य स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा जयघोष, पुष्पवर्षा और दीप आरती के माध्यम से यात्रा का अभिनंदन किया गया, जिससे क्षेत्र में भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर यात्रा प्रभारी विश्वनाथ त्रिपाठी एवं सुरेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने विचार क्रांति आंदोलन के माध्यम से मानव चेतना को जागृत करने का संदेश दिया था। आज समाज में बढ़ती नकारात्मकता, तनाव और स्वार्थ के बीच सद्विचारों की आवश्यकता पहले से अधिक है।

उन्होंने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा गांव-गांव जाकर अज्ञान, कुरीतियों और नकारात्मक प्रवृत्तियों को समाप्त कर मानवता, संस्कार और आत्मजागरण की चेतना फैला रही है। अखंड दीपक केवल एक ज्योति नहीं, बल्कि आत्मपरिवर्तन और युग परिवर्तन का प्रतीक है।

इस दौरान सभी श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया तथा सभी से विचार क्रांति अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।

सायंकाल ग्राम डोकरी में ठाकुर बृजेश सिंह जी के आवास पर भव्य दीपयज्ञ संपन्न हुआ। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख ओमप्रकाश वर्मा जी ने परिजनों सहित पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किया। दीपयज्ञ को जिला समन्वयक सूरज वर्मा, सह समन्वयक सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, गीता रस्तोगी एवं अनीता गुप्ता ने संपन्न कराया।

दीपयज्ञ के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज में नैतिकता, संस्कार, सद्भाव और आत्मचिंतन की चेतना को जागृत करना है। यह अभियान व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

रथयात्रा में विश्वनाथ त्रिपाठी, सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, संजीव कुमार अग्निहोत्री, शिवओम शुक्ला, इंद्रपाल शास्त्री, अनंतराम, बाबूराम, ब्रजेश, रथ सारथी राकेश जी सपत्नीक तथा मीडिया से श्याम जी कपूर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बताया गया कि अब ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दो दिनों तक खुटार क्षेत्र में प्रवास कर जनजागरण, विचार क्रांति और आध्यात्मिक चेतना के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाएगी।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights