शाहजहांपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में संचालित ज्योति कलश रथयात्रा शाहजहांपुर जनपद के बंडा क्षेत्र में दूसरे दिन भी जनजागरण अभियान और विचार क्रांति की अलख जगाती रही। बंडा के ग्रामीण क्षेत्रों में रथयात्रा का अभूतपूर्व ढंग से स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने यात्रा के दौरान संकल्प लिया कि वे विचार क्रांति अभियान के माध्यम से युग निर्माण योजना में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करेंगे।
बुधवार को रथयात्रा देवकली से आरती एवं पूजन के उपरांत पिपरा, नवीची, नवादा ढां, अल्हापुर, जमुनिया, कंधरपुर, हेतमनगरा और नरेन्द्रापुर सहित विभिन्न गांवों में पहुंची, जहां ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा, पूजन और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। यात्रा के आगमन से गांवों में आध्यात्मिक और उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर यात्रा प्रभारी विश्वनाथ त्रिपाठी एवं सुरेश चंद्र श्रीवास्तव ने गुरुदेव का संदेश देते हुए कहा कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का मानना था कि विचारों के परिवर्तन से ही युग परिवर्तन संभव है। व्यक्ति के भीतर सद्बुद्धि और श्रेष्ठ चिंतन का उदय होने पर परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण स्वतः होने लगता है। आज आवश्यकता बाहरी बदलाव से अधिक आंतरिक जागरण की है।
उन्होंने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं बल्कि एक विचार यात्रा है, जो लोगों को आत्मचिंतन, आत्मशुद्धि और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों से जोड़ने का कार्य कर रही है। गांव-गांव जाकर यह अभियान समाज में सद्विचारों की रोशनी फैलाने का प्रयास कर रहा है।

इस दौरान सभी श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया तथा सभी से विचार क्रांति अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।
सायंकाल नरेन्द्रपुर में गायत्री परिजन सुरेन्द्र जी के आवास पर भव्य दीपयज्ञ का आयोजन संपन्न हुआ। दीपयज्ञ को विश्वनाथ त्रिपाठी, सुरेश चंद्र श्रीवास्तव एवं रथ सारथी राकेश जी ने संपन्न कराया।
दीपयज्ञ के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा का उद्देश्य मानव के भीतर सुप्त चेतना को जागृत करना और समाज में नैतिकता, संस्कार तथा सद्भाव का वातावरण तैयार करना है। यह यात्रा व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ा रही है।
ज्योति कलश रथयात्रा में विश्वनाथ त्रिपाठी, सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, संजीव कुमार अग्निहोत्री, शिवओम शुक्ला, इंद्रपाल शास्त्री, अनंतराम, बाबूराम, ब्रजेश, रथ सारथी राकेश जी सपत्नीक तथा मीडिया से श्याम जी सहित अनेक कार्यकर्ता यात्रा के साथ उपस्थित रहे।
बताया गया कि ज्योति कलश रथयात्रा एक दिन और बंडा क्षेत्र में प्रवास कर जनजागरण, विचार क्रांति और आध्यात्मिक चेतना के संदेश को आगे बढ़ाएगी तथा गांव-गांव में संस्कार और आत्मजागरण की अलख जगाने का कार्य करेगी।









