बरेली में युवती की संदिग्ध मौत ने खोला हत्या का राज, ऑनर किलिंग एंगल से जांच

By Liberal Media

Published On:

Date:

बरेली | LIBERAL MEDIA

बरेली के आंवला क्षेत्र के सिरौली थाना इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार ने शुरुआत में बीमारी से मौत होने की बात कही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद मामला हत्या में बदल गया। पुलिस अब इस पूरे प्रकरण की ऑनर किलिंग के एंगल से भी जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक बरसेर सिकंदरपुर गांव निवासी क्रांति कश्यप मंगलवार रात खाना खाने के बाद सोने चली गई थी। बाद में उसका शव चारपाई पर मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को शव पर चोट के निशान दिखाई दिए, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवती की गला दबाकर हत्या की गई थी और उससे पहले उसके साथ मारपीट भी की गई थी।

मामले में क्षेत्राधिकारी मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने युवती के पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही परिवार और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद गांव में चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Virendra kadhyap

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights