बलिया | LIBERAL MEDIA
बलिया के उभांव थाना क्षेत्र में करीमगंज के पास सरयू नदी किनारे मंगलवार सुबह एक युवक का अर्धनग्न और क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मझौवा सीयर गांव निवासी 32 वर्षीय बिरजू राजभर के रूप में हुई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक बिरजू राजभर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह करीब चार दिन पहले घर से काम पर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने उभांव थाना पुलिस को सूचना दी थी।
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने करीमगंज के पास सरयू नदी किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त बिरजू राजभर के रूप में कराई। ग्रामीणों के अनुसार शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। आशंका है कि नदी किनारे पड़े रहने के कारण किसी जानवर ने शव को नोंचकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
मृतक तीन भाइयों में मंझला था। उसकी पत्नी सुनीता देवी छह माह की गर्भवती हैं और उसकी दो वर्षीय पुत्री भी है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
सरयू नदी किनारे युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी, चार दिन से लापता था मजदूर
Published On:
Date:








