कैंची धाम जा रहे रसड़ा के युवक समेत 4 की सड़क हादसे में मौत, गांव में पसरा मातम

By Liberal Media

Published On:

Date:

बलिया | LIBERAL MEDIA

बलिया के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव में उस समय मातम छा गया, जब बाराबंकी में हुए भीषण सड़क हादसे में गांव के युवक सत्यम सिंह की मौत की खबर मंगलवार सुबह पहुंची। हादसे में सत्यम समेत चार दोस्तों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, सत्यम सिंह अपने दोस्तों के साथ उत्तराखंड स्थित कैंची धाम दर्शन के लिए इनोवा कार से निकले थे। इसी दौरान सुल्तानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उनकी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सत्यम सिंह रसड़ा क्षेत्र के रामपुर गांव के निवासी थे और वाराणसी में हॉस्टल संचालित करते थे। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। बताया जा रहा है कि वह करीब एक सप्ताह पहले ही गांव आए थे।

हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि सत्यम मिलनसार, मेहनती और जिम्मेदार स्वभाव के युवक थे, जिनकी असमय मौत से पूरे क्षेत्र में दुख का माहौल है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights