उन्नाव | LIBERAL MEDIA
उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। औरास थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 262 पर एक डबल डेकर बस डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जाकर पलट गई। हादसे में एक सब इंस्पेक्टर और एक बंदी समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली से बिहार जा रही थी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को नींद आना बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4 बजे चालक को झपकी आ गई, जिसके चलते बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए पलट गई।
मृतकों में सब इंस्पेक्टर रामजी राम, बंदी छत्रपाल सिंह तोमर, विजय गुप्ता, रवि वरन, सूरज जमालाल और पल्लव कुमार शामिल हैं। वहीं हादसे में तीन सिपाही भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया गया कि बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात पुलिसकर्मी बंदी को गवाही के लिए गुरुग्राम लेकर गए थे और वापस लौट रहे थे।
घटना की सूचना पर यूपीडा और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान चलाया। उन्नाव के डीएम घनश्याम मीणा और एसपी जयप्रकाश सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। गंभीर घायलों को इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
उन्नाव एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 6 की मौत, 21 घायल
Published On:
Date:








