शाहजहांपुर | LIBERAL MEDIA
शाहजहांपुर में आदर्श दिव्यांग कल्याण संस्थान के प्रदेश सचिव नीरज बाजपेई के नेतृत्व में सैकड़ों दिव्यांगजन कचहरी पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। इस दौरान दिव्यांगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए सरकार और प्रशासन से समाधान की मांग की।
प्रदेश सचिव नीरज बाजपेई ने कहा कि जिले के दिव्यांगजन आज भी विषम परिस्थितियों में जीवनयापन करने को मजबूर हैं। उनकी समस्याओं की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है और उन्हें हर जगह उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकांश दिव्यांगों की आय का एकमात्र स्रोत दिव्यांग पेंशन है, लेकिन वर्तमान समय में इतनी कम राशि से परिवार का गुजारा करना मुश्किल हो गया है।
ज्ञापन में दिव्यांग पेंशन को 1000 रुपये से बढ़ाकर 5000 रुपये प्रति माह करने, पात्र दिव्यांगों को अंत्योदय और आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने, आवास और शौचालय दिलाने, कृषि पट्टे और रोजगार के अवसर देने की मांग की गई।
इसके अलावा परिवहन निगम की बसों में सम्मानजनक यात्रा सुनिश्चित करने, ऋण सीमा बढ़ाने, खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराने, सरकारी परिसरों में दुकान व स्टैंड के ठेके देने और दिव्यांगों के लिए आश्रय स्थल एवं कुटीर उद्योग स्थापित करने हेतु 10 बीघा ग्राम समाज की भूमि उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
दिव्यांगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन और भूख हड़ताल करने को मजबूर होंगे।
इस मौके पर बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे।
दिव्यांगों ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन, पेंशन बढ़ाने और रोजगार की उठाई मांग
Published On:








