कानपुर | LIBERAL MEDIA
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक मामूली सड़क हादसा देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। बाइक की हल्की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दबंग युवकों ने पिता और उनके दो बेटों पर चाकू और हेलमेट से हमला कर दिया। इस हमले में पिता और एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक, किदवई नगर निवासी शिवनारायण त्रिवेदी अपने बेटों शिवम और सत्यम के साथ मार्बल मार्केट स्थित कनक मार्बल में काम करते थे। रविवार को काम खत्म कर तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नौबस्ता थाना क्षेत्र के यशोदा नगर बाईपास के पास उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि दूसरी बाइक पर सवार युवकों ने हेलमेट और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को हैलट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शिवनारायण त्रिवेदी और उनके बेटे शिवम को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे बेटे सत्यम का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करण वर्मा और उत्सव अवस्थी को हिरासत में लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच कर रही है।








