ज्योति कलश रथयात्रा पहुंची पुवायां क्षेत्र, जनजागरण अभियान और विचार क्रांति को मिल रही नई गति

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में ज्योति कलश रथयात्रा शाहजहांपुर जनपद के पुवायां क्षेत्र में पहुंचकर जनजागरण अभियान को नई गति दे रही है। रथयात्रा गांव-गांव और नगर क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा, संस्कार चेतना और विचार क्रांति अभियान का संदेश प्रसारित कर रही है। यात्रा के आगमन से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

पुवायां नगर क्षेत्र में पहुंची ज्योति कलश रथयात्रा का पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया गया। यात्रा प्रभारी प्रमोद गुप्ता एवं श्यामचरण जी ने सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं गायत्री परिजनों के साथ पूजन किया।

रथयात्रा पुवायां के विभिन्न मोहल्लों एवं बाजारों में भ्रमण करती हुई निकली, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। नगर पालिका चेयरमैन संजय गुप्ता एवं पूर्व विधायक शकुंतला देवी ने भी पूजन और पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया। नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।

इस अवसर पर रथ सारथी राकेश जी ने गुरुदेव का संदेश देते हुए कहा कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य कहा करते थे कि विचार क्रांति अभियान के माध्यम से ही युग परिवर्तन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि समाज में स्थायी परिवर्तन केवल बाहरी व्यवस्थाओं से नहीं बल्कि विचारों के परिवर्तन से संभव है।

उन्होंने कहा कि अखंड दीपक घर-घर जाकर अज्ञान रूपी अंधकार को समाप्त कर ज्ञान रूपी दीप जला रहा है। यह अखंड दीपक समाज में जागृति, सद्बुद्धि और सकारात्मक सोच का संदेश देते हुए युग परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज समाज को भौतिक विकास के साथ-साथ मानसिक और आध्यात्मिक जागरण की आवश्यकता है। ज्योति कलश रथयात्रा उसी उद्देश्य को लेकर जन-जन तक पहुंच रही है और लोगों को संस्कार, आत्मचिंतन और सद्विचारों से जोड़ रही है।

इस दौरान सभी को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया तथा सभी से विचार क्रांति अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।

सायंकाल पुवायां गायत्री चेतना केंद्र पर भव्य दीपयज्ञ का आयोजन संपन्न हुआ। दीपयज्ञ को जिला सह समन्वयक सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, सीताराम जी एवं रथ सारथी राकेश जी ने संपन्न कराया।

ज्योति कलश रथयात्रा में प्रभारी प्रमोद गुप्ता, श्यामचरण, महिला मंडल सभी सदस्य एवं सभी वरिष्ठ गायत्री परिजन और आसपास क्षेत्रों के कार्यकर्ता यात्रा के साथ उपस्थित रहे।

आगामी दिनों में ज्योति कलश रथयात्रा पुवायां के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहुंचेगी और जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाएगी।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights