ककरा क्षेत्र की घटना के बाद लोगों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
शाहजहांपुर। जिले के ककरा क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां आवारा कुत्तों के हमले में 11 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि स्थानीय लोगों में प्रशासन और नगर निगम की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार ककरा निवासी नईम रविवार सुबह अपनी बेटी सुअलिया के साथ खेत पर सब्जी तोड़ने गए थे। इसी दौरान बच्ची घर की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि रास्ते में चार्जिंग स्टेशन प्वाइंट के पास 5-6 आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कुत्तों ने बच्ची को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से बच्ची को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार बच्ची पांच बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटी थी। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है और कई बार शिकायतें भी की गईं, लेकिन समाधान नहीं हो सका। घटना के बाद लोगों ने जिम्मेदार विभागों से आवारा कुत्तों की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।








