बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में दिल्ली पुलिस और बलिया पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित मालगोदाम के सामने चटोरी गली के एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर से 7 नाबालिग समेत कुल 8 लड़कियों को बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एक लड़की की गुमशुदगी के मामले की जांच के दौरान गुजरात से बरामद युवती ने पूछताछ में बलिया के इस स्पा सेंटर से जुड़े कुछ अहम खुलासे किए, जिसके बाद दिल्ली पुलिस हरकत में आई और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि स्पा सेंटर का संचालन दक्षिण दिल्ली के अंबेडकर नगर स्थित मुहल्ला मुन्ना गिरी निवासी मोनू द्वारा किया जा रहा था।
फिलहाल बरामद सभी लड़कियों को दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई है। पुलिस के अनुसार, सभी का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।








