ज्योति कलश रथयात्रा पहुंची खुदागंज, पुष्पवर्षा व ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में जनपद शाहजहांपुर के खुदागंज क्षेत्र में पहुंची ज्योति कलश रथयात्रा का श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के स्वागत में जगह-जगह पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और जयघोषों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

रथयात्रा का फुलवा, हसनपुर, परमानंदपुर, दियोरिया, और पिपरी गांवों में पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने घरों के बाहर खड़े होकर श्रद्धापूर्वक यात्रा का अभिनंदन किया और बड़ी संख्या में लोग यात्रा से जुड़ते गए।

यात्रा के दौरान रथ सारथी राकेश एवं भानुप्रताप मिश्र ने पूज्य गुरुदेव का संदेश ग्रामीणों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा समाज में नैतिक जागरण, संस्कार निर्माण और विचार क्रांति का संदेश लेकर चल रही है। आज समाज को भौतिक प्रगति के साथ-साथ आध्यात्मिक उन्नति की भी आवश्यकता है। यदि मनुष्य अपने जीवन में अच्छे विचारों और संस्कारों को अपनाता है तो परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण स्वतः सशक्त हो जाता है।

उन्होंने कहा कि पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने जीवनभर व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण का संदेश दिया। आज उन्हीं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह यात्रा गांव-गांव भ्रमण कर रही है। उन्होंने सभी से अपने जीवन में सकारात्मकता, संयम और सद्विचार अपनाने का आह्वान किया।

इस दौरान क्षेत्रवासियों को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया तथा सभी से विचार क्रांति अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।

सायंकाल खुदागंज के ग्राम पिपरी में ब्रह्मानंद जी के यहां भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परमानंद जी ने सपत्नीक पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किया। दीपयज्ञ को जिला समन्वयक सूरज वर्मा, सविता, अनीता एवं संतकुमार ने संपन्न कराया।

इस अवसर पर सूरज वर्मा ने ज्योति कलश रथयात्रा के उद्देश्य को समझाते हुए कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि युग चेतना जागरण का अभियान है। उन्होंने कहा कि 18 जनवरी 1926 को पूज्य गुरुदेव द्वारा प्रज्वलित अखंड दीप आज शताब्दी वर्ष की ओर अग्रसर है और उसका संदेश है— हम बदलेंगे, युग बदलेगा, हम सुधरेंगे युग सुधरेगा ।

उन्होंने कहा, “यदि दुनिया में परिवर्तन लाना है तो उसकी शुरुआत स्वयं से करनी होगी। अपने भीतर की दुर्बुद्धि, नकारात्मकता और बुराइयों को हटाकर सद्बुद्धि को अपनाना ही सच्चा युग परिवर्तन है।” उन्होंने लोगों से परिवार में संस्कार, नशामुक्ति, शिक्षा और सदाचार को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर तिलहर प्रभारी संजीव सक्सेना, रामकुमार रस्तोगी, भानुप्रताप मिश्र, जैतीपुर प्रभारी पूरनलाल मिश्र, खुदागंज प्रभारी के.के. सक्सेना, रथ सारथी राकेश सपत्नीक, मीडिया सहयोगी श्याम जी, कपूर, संतराम पाठक सहित गायत्री परिवार के अनेक परिजन रथयात्रा के साथ उपस्थित रहे।

अंत में खुदागंज प्रभारी के.के. सक्सेना ने ज्योति कलश रथयात्रा का पूजन कर स्वागत किया तथा सभी परिजनों एवं क्षेत्रवासियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights