स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय को नई दिशा देने की तैयारी… कुलपति ने पत्रकार वार्ता में बताई कार्ययोजन

By Liberal Media

Published On:

“नई शिक्षा नीति के अनुरूप होगा विश्वविद्यालय का विकास”

“शाहजहांपुर के शिक्षा जगत के लिए बड़ा संदेश, कुलपति ने साझा किया विजन”

शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के प्रथम कुलपति प्रो. पुष्पेन्द्र बहादुर सिंह ने मंगलवार को मीडिया कर्मियों से संवाद करते हुए विश्वविद्यालय की भावी कार्ययोजना, शैक्षणिक गतिविधियों और नई शिक्षा नीति के अनुरूप तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी।

प्रेसवार्ता के दौरान प्रो. सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ रोजगारपरक और कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप पाठ्यक्रमों में नवाचार, डिजिटल शिक्षा और शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में तेजी से कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को केवल डिग्री प्रदान करने वाला संस्थान नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुसंधान और व्यक्तित्व विकास का केंद्र बनाया जाएगा। विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करने हेतु आधुनिक संसाधनों और विशेषज्ञ शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

प्रो. पुष्पेन्द्र बहादुर सिंह ने विश्वविद्यालय में अनुशासन, पारदर्शिता और शैक्षणिक गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक सहयोग से विश्वविद्यालय को प्रदेश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में शामिल किया जाएगा।

प्रेसवार्ता के दौरान कुल सचिव प्रोफेसर वीरेंद्र कुमार मौर्य, वित्त नियंत्रक दीपक रस्तोगी, प्रबंध समिति के सचिव डॉक्टर अवनीश मिश्र, वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अनुराग अग्रवाल तथा विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर जयशंकर ओझा भी मौजूद रहे।

मीडिया संवाद के दौरान विश्वविद्यालय की आगामी योजनाओं को लेकर सकारात्मक माहौल दिखाई दिया और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद जताई।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights