बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक अमित वर्मा की मां बबली ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में युवती नंदनी, उसके पिता नोनीराम और एक अज्ञात व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, अमित वर्मा 12 मई 2026 की शाम करीब 7 बजे घर से यह कहकर निकला था कि नंदनी और उसके पिता ने उसे बुलाया है और वह थोड़ी देर में वापस लौट आएगा। परिजनों के मुताबिक देर रात तक घर न लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। दोस्तों से जानकारी मिलने पर परिजन केवी स्कूल के पीछे जंगल क्षेत्र में पहुंचे, जहां अमित घायल अवस्था में मिला। उसके कपड़े धूल और कीचड़ से सने हुए थे और वह कराहते हुए नंदनी और उसके पिता को अपनी हालत का जिम्मेदार बता रहा था।
परिजन उसे पहले श्रद्धा अस्पताल और फिर जीवनदान अस्पताल लेकर गए। हालत गंभीर होने पर गंगाशील अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान रात करीब 3 बजे उसकी मौत हो गई।
मृतक की मां का आरोप है कि बेटे के मोबाइल फोन की रिकॉर्डिंग में उसने अपनी मौत का जिम्मेदार नंदनी और नोनीराम को बताया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसमें एक अज्ञात दोपहिया चालक अमित को अपने साथ ले जाता दिखाई दे रहा है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना वाली रात अमित के मोबाइल से केवी स्कूल के पीछे चिकन बिरयानी ऑर्डर की गई थी, जबकि अमित शाकाहारी था और मांसाहार तो दूर प्याज-लहसुन तक का सेवन नहीं करता था। ऐसे में परिजनों ने आशंका जताई है कि युवक को धोखे से जहरीला पदार्थ खिलाया या पिलाया गया।
परिवार का आरोप है कि इज्जतनगर पुलिस को शिकायत देने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। मृतक की मां ने एसएसपी से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








