बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने मारपीट के मामले में पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने आरोप लगाया है कि दर्ज मुकदमे के बावजूद मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जा रही है और उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं।
ग्राम वल्लिया निवासी गायत्री देवी पत्नी दया राम ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि थाना फतेहगंज पश्चिमी में मु0अ0सं0 0157/2026 के तहत मुकदमा दर्ज है। घटना में उनके पति के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। महिला का आरोप है कि मुख्य आरोपी कन्हई लाल और नत्थूलाल ने डंडों से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई थी, लेकिन विवेचना के दौरान उनके नाम हटा दिए गए।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित विवेचक और आरोपियों की मिलीभगत के चलते निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हो रही है। आरोपियों को प्रभावशाली और राजनीतिक पहुंच वाला बताते हुए कहा कि वे खुलेआम घूम रहे हैं और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।
पीड़िता का कहना है कि आरोपियों द्वारा परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिसके चलते वह भयभीत है और अपने घर तक नहीं जा पा रही है। महिला ने एसएसपी से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।








