बोले— “गाय को मां मानने वाली जनता के खिलाफ काम कर रही सरकारें”
आजमगढ़। गोरखपुर से शुरू हुई जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की संकल्प यात्रा रविवार को आजमगढ़ शहर स्थित कालीचौरा के काली माता मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका स्वागत किया।
मीडिया से बातचीत के दौरान शंकराचार्य ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश में “गविष्ट यात्रा” पर हैं और उनका मुख्य उद्देश्य गौ माता की रक्षा को लेकर जनजागरण करना है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेगी और अब तक करीब 70 विधानसभाओं का दौरा किया जा चुका है।
गौ संरक्षण के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यदि समय रहते गायों की सुरक्षा नहीं की गई, तो भविष्य में लोग भगवान श्रीकृष्ण की तरह गायों की तस्वीर लगाकर पूजा करने को मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि गोकशी पर बने कानूनों का प्रभाव जमीन पर पर्याप्त रूप से दिखाई नहीं देता।








