आग में झुलसी दुल्हन के लिए अस्पताल बना मंडप, बर्न वार्ड में दूल्हे ने रचाई शादी

By Liberal Media

Published On:

हादसे में दुल्हन समेत 12 लोग झुलसे, दूल्हे ने निभाया साथ और अस्पताल में पूरी कीं वैवाहिक रस्में

कानपुर। घाटमपुर क्षेत्र में शादी की खुशियां उस समय दर्द में बदल गईं, जब शादी से ठीक पहले घर में लगी आग में दुल्हन समेत 12 लोग झुलस गए। लेकिन इस हादसे के बीच दूल्हे के एक फैसले ने हर किसी को भावुक कर दिया। दूल्हे ने अस्पताल में ही मंडप सजवाकर बर्न वार्ड में दुल्हन से शादी रचा ली।

जानकारी के अनुसार, घाटमपुर थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव निवासी जगदीश की बेटी श्वेता की गुरुवार को शादी होनी थी। बुधवार शाम घर में मेहंदी और शादी की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदारों और मेहमानों की मौजूदगी में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर की पाइप में रिसाव होने से अचानक आग लग गई।

आग बुझाने के प्रयास में चूल्हे पर रखी गर्म तेल से भरी कढ़ाई पलट गई, जिससे आसपास मौजूद लोग झुलस गए। हादसे में दुल्हन श्वेता समेत 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसी श्वेता को कानपुर के जाजमऊ स्थित मिशिका अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही दूल्हा विकास सिंह अपने परिजनों के साथ अस्पताल पहुंच गया। परिवार के कुछ लोगों ने शादी टालने की सलाह दी, लेकिन विकास ने स्पष्ट कहा कि वह हर परिस्थिति में श्वेता का साथ निभाएगा।

इसके बाद दोनों परिवारों और अस्पताल प्रशासन की सहमति से बर्न वार्ड को फूल-मालाओं से सजाया गया। अस्पताल के बेड पर भर्ती श्वेता के साथ विकास ने वैवाहिक रस्में पूरी कीं और उसकी मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया।

इस भावुक दृश्य को देखकर अस्पताल स्टाफ और परिजनों की आंखें नम हो गईं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार दुल्हन की हालत में सुधार हो रहा है और जल्द ही उसे छुट्टी दी जा सकती है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights