स्कूल स्टाफ की लापरवाही पर उठे सवाल, अस्पताल में भर्ती छात्र
बिजनौर। जिले के नगीना थाना क्षेत्र स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय रमपुरा में स्टाफ की बड़ी लापरवाही सामने आई है। स्कूल परिसर में जर्जर हालत में झूल रहे बिजली के तार की चपेट में आने से एक छात्र गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिजनों का आरोप है कि स्कूल परिसर में लंबे समय से बिजली के तार जर्जर हालत में लटक रहे थे, लेकिन स्कूल प्रशासन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद स्कूल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।








