बरेली। नगर निगम क्षेत्र में कार्यरत एक सफाई कर्मचारी महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए प्रताड़ना और जबरन जहरीला पदार्थ खाने के लिए मजबूर किए जाने की शिकायत की है। पीड़िता साविता कुमारी ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, साविता कुमारी वार्ड नंबर 3 हड्डी बाजार क्षेत्र में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। आरोप है कि नगर निगम के सफाई नायक विवेक कुमार और अन्य लोगों द्वारा उन्हें लगातार प्रताड़ित किया गया। महिला का कहना है कि उसे बिना सूचना डॉक्टर के घर पर घरेलू कार्य के लिए भेजा गया, जहां उसके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे जहरीला पदार्थ खाने के लिए भी मजबूर किया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। महिला ने बताया कि उसके दो छोटे बच्चे हैं और वह ही उनका पालन-पोषण करती है।
मामले को लेकर पीड़िता ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में प्रशासनिक जांच की बात सामने आ रही है। वहीं आरोपित पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
जितेन्द्र शर्मा/वीरेंद्र कश्यप की रिपोर्ट








