पुलिस टीम पर पथराव, पीआरबी गाड़ी क्षतिग्रस्त; 2 पुलिसकर्मी घायल

By Liberal Media

Published On:

Date:

Liberal Media | बलिया

बलिया के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में उग्र भीड़ ने पुलिस और पीआरबी वाहन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन का पिछला शीशा टूट गया। घटना नगपुरा गांव की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, नगपुरा पश्चिम टोला निवासी धर्मेंद्र कुमार के साथ गांव के ही मिंटू नामक युवक ने मारपीट की थी। स्थानीय लोगों ने आरोपी मिंटू को पकड़ लिया और सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पीआरबी और स्थानीय पुलिस ने आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर वाहन में बैठा लिया।

इसी दौरान वहां मौजूद महिला-पुरुष और युवक उग्र हो गए और आरोपी को अपने हवाले करने की मांग करने लगे। स्थिति को संभालने के लिए रसड़ा प्रभारी निरीक्षक, फेफना थानाध्यक्ष समेत अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान कुछ लोग अचानक उग्र हो गए और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। पथराव में दो पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं, जबकि चितबड़ागांव थाने की सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights