Liberal Media | बलिया
उभांव थाना क्षेत्र के अवाया गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने बेल्थरारोड में मातम पसार दिया। कार, बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर में जान गंवाने वाले पति-पत्नी धनंजय चौधरी और नीतू देवी का शव गुरुवार को जब घर पहुंचा, तो पूरा माहौल गमगीन हो गया।
वार्ड नंबर 6 स्थित आवास पर शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बूढ़े माता-पिता अमीरचंद और लीलावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं तीन साल की मासूम नव्या की सिसकियों ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
जब पति-पत्नी की अर्थी एक साथ उठी, तो सैकड़ों लोग नम आंखों से अंतिम यात्रा में शामिल हुए। सरयू नदी के किनारे दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।
बताया जा रहा है कि नीतू देवी नगरा ब्लॉक में एएनएम पद पर तैनात थीं और अपने पति के साथ ड्यूटी से लौट रही थीं, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।








