बरेली। महामंडलेश्वर स्वामी प्रकाशानंद सरस्वती आज बरेली पहुंचे, जहां उन्होंने संत समाज के बीच अपनी बात रखते हुए वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर विचार व्यक्त किए।
उन्होंने पश्चिम बंगाल की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां की परिस्थितियों को लेकर जनता ने अपना मत स्पष्ट कर दिया है और आने वाले समय में वहां धर्मांतरण व हिंदुओं के पलायन जैसी घटनाओं पर रोक लगेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने की संभावना है।
नारी सशक्तिकरण के मुद्दे पर बोलते हुए स्वामी प्रकाशानंद ने कहा कि कुछ विपक्षी दल नहीं चाहते कि महिलाओं को सम्मान और आरक्षण मिले, जबकि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि मथुरा के विकास की रूपरेखा तैयार की जा चुकी है और उसे भव्य स्वरूप दिया जाएगा। साथ ही अयोध्या को भी मथुरा की तर्ज पर पूरी तरह विकसित किया जाएगा।
स्वामी प्रकाशानंद ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि वे हिंदू और सनातन धर्म की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।








