अग्निपीड़ितों के बीच पहुंचे मंत्री ओमप्रकाश राजभर, कम राहत सामग्री पर उठे सवाल

By Liberal Media

Published On:

Date:

Liberal Media | बलिया

बलिया के बेल्थरारोड क्षेत्र स्थित छपिया हल्दीरामपुर गांव में भीषण अग्निकांड के बाद पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने प्रभावितों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया, लेकिन राहत सामग्री की कमी को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

दोपहर करीब 3 बजे मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि पीड़ितों की समस्याओं को सुना गया है और सरकार उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेगी। साथ ही उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।

मंत्री के स्वागत में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा राहत सामग्री के कुछ पैकेट लाए गए थे, लेकिन गांव के 76 प्रभावित परिवारों के मुकाबले यह बेहद कम साबित हुए। ऐसे में जरूरत और उपलब्ध राहत के बीच बड़ा अंतर नजर आया।

बताया जा रहा है कि मंत्री ने स्वयं राहत सामग्री का वितरण नहीं किया और आगे बढ़ गए, जिससे स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। ग्रामीणों का कहना है कि आग से सब कुछ खो चुके लोगों को केवल सांत्वना नहीं, बल्कि ठोस सहायता और पुनर्वास की आवश्यकता है।

मंत्री का दौरा जहां एक ओर उम्मीद जगा गया, वहीं सीमित राहत सामग्री ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights